- घायल मजदूरों को गाडरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है
- रविवार को नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई थी, ये यूपी जा रहे थे
दैनिक भास्कर
May 12, 2020, 02:19 PM IST
नरसिंहपुर. नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा-करेली मार्ग पर मंगलवार को सुबह मजदूरों से भरी बस टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 24 यात्री घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है। उन्हें नजदीक के अस्पताल भेजा गया है। बस बुरहानपुर से सीधी जा रही थी। ये मजदूर महाराष्ट्र से आए थे।
पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र से बुरहानपुर होते हुए सीधी 44 श्रमिकों को लेकर जा रही बस सुबह गाडरवारा-करेली मार्ग पर टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में बस सवार 24 मजदूर घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को गाडरवारा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इन्हें गांववालों की मदद से बाहर निकाला गया।

रविवार को ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई थी
नरसिंहपुर जिले में आज देर रात आम से भरा ट्रक पलटने से 5 मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। सभी मजदूर हैदराबाद से आम के ट्रक में छिपकर उत्तर प्रदेश के झांसी जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन के चलने परिवहन की व्यवस्था न होने की वजह से ये मजदूर आम के ट्रक में छिपकर हैदराबाद से झांसी जा रहे थे। तभी नरसिंहपुर जिले के पाठा गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और इस हादसे में पांच मज़दूरों की जान चली गई।
