- इंडेक्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल से 30, चोइथराम से 25 और अरबिंदो अस्पताल से नेगेटिव केटेगिरी के 23 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया
दैनिक भास्कर
May 29, 2020, 08:40 PM IST
इंदौर. शहर में एक ओर पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं, दूसरी ओर कोविड अस्पतालों से लगातार मरीजों का स्वस्थ होकर घर लौटने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को तीन अस्पतालों से 78 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
इंडेक्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल से 30, चोइथराम से 25 और अरबिंदो अस्पताल से नेगेटिव केटेगिरी के 23 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इंडेक्स से 9 वर्षीय तमन्ना राजोरिया और चोइथराम अस्पताल से 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला को डिस्चार्ज किया गया।
रुस्तम का बगीचा निवासी तम्मन्ना के पिता ने बताया पता ही चला कि बेटी कैसे पॉजिटिव हो गई। तबीयत बिगड़ी तो 14 मई को जांच करवाई। रिपोर्ट में पॉजिटिव निकली। उसके बाद से ही इंडेक्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। यहां डॉ दीप्ति सिंह हाड़ा ने बहुत अच्छा इलाज किया। हमारी बच्ची का विशेष ध्यान रखा। घर के बाकी 5 सदस्यों को शुभ कारज गार्डन में क्वारेंटाइन किया था। बच्ची गुरुवार को स्वस्थ होकर घर लौट आई तो बहुत खुशी हो रही है।
चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने बताया इंडेक्स अस्पताल से 30 नये स्वस्थ हुए मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। वही अब तक इंडेक्स अस्पताल से 400 से भी अधिक मरीज़ स्वस्थ हो कर अपने घर लौट चुके है। हमारे डॉक्टर्स और उनकी टीम को मैं धन्यवाद देना चाहता हु जिनकी मेहनत से हम ये सफलताएं प्राप्त कर पाए है।
डॉक्टर्स और उनकी टीम अपने घर व परिवार को छोड़ कर पूरी ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभा रहे है साथ ही मरीज़ों को उचित इलाज के साथ-साथ स्पेशल डाइट व सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करवा रहे है जिससे मरीज़ इस गंभीर बीमारी को हराने में सफल हो रहे है।