- हेड कांस्टेबल हरनाम सिंह यादव (61) 2015 से संयोगितागंज थाने पर पदस्थ थे
- जून माह के अंत में इनका रिटायरमेंट होने वाला था, अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा
दैनिक भास्कर
May 08, 2020, 08:15 PM IST
इंदौर. कोरोना संक्रमण में लगातार ड्यूटियां करने से शहर के कई पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य गड़बड़ा रहा है। कई पुरानी बीमारियां उभर आने के जान तक गंवा रहे हैं। शुक्रवार को संयोगितागंज थाने के हेड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
टीआई राजीव त्रिपाठी ने बताया हेड कांस्टेबल हरनाम सिंह यादव (61) की हार्ट अटैक आने से शुक्रवार सुबह मौत हुई है। ये वर्ष 2015 से संयोगितागंज थाने पर पदस्थ थे। जून माह के अंत में इनका रिटायरमेंट होने वाला था। परिवार में एक बेटा रवि है जो जिला विशेष शाखा में पदस्थ है। वहीं दूसरा मनोज है जो पुश्तैनी गांव चकर नगर(इटावा) के पास रहता है। गुरुवार रात तक हरनाम सिंह ने ड्यूटी की थी। रात 10 बजे की शिफ्ट खत्म करने के बाद वे घर चले गए थे। सुबह उनकी 8 बजे से ड्यूटी थी। लेकिन सुबह-सुबह तबीयत खराब होने की जानकारी उन्होंने फोन पर दी। बेटा व परिवार वाले उन्हें ग्रेटर कैलाश हॉस्पिटल ले जाते तब तक रास्ते में ही अटैक आने से उन्होंने दम तोड़ दिया। वे काफी इमानदार और मेहनत लगन से ड्यूटी करने वाले हेड कांस्टेबल थे। पूरे विभाग में शोक की लहर छाई है।